राजगढ़ः ज्वेलर्स की दुकान से सोने की अंगूठियां गायब करने वाले पति-पत्नी सहित चार गिरफ्तार
राजगढ़, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना पुलिस ने ज्वेलर्स की दुकान से सोने की अंगूठियां चोरी करने के मामले में पति- पत्नी सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी गया करीब 90 हजार रुपए कीमत का मशरूका शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है।
थाना प्रभारी शिवराजसिंह चौहान ने बुधवार को बताया कि 12 अक्टूबर को अपना नगर निवासी 68 वर्षीय हुकुमचंद पुत्र हीरालाल सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी चूड़ी गली स्थित दुकान पर बिक्री के लिए महालक्ष्मी ज्वेलर्स से करीब 5-6 सोने की अंगूठियां मंगवाई गई थीं। इन्हें उन्होंने दुकान में तोलकांटे के पास एक पन्नी में रख दिया था। दोपहर करीब 3ः30 बजे तीन महिलाएं एक छोटे बच्चे के साथ दुकान पर पहुंचीं। उन्होंने दुकानदार से चांदी की चेन दिखाने को कहा। दुकानदार चेन का डिब्बा निकालकर उन्हें चेन दिखाने लगा। इसी दौरान महिलाएं मौका पाकर दुकान से चली गईं। उनके जाने के बाद दुकानदार ने देखा कि पन्नी में रखी सोने की अंगूठियां गायब हैं।
पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार आरोपितों को हिरासत में लिया, जिनमें घनश्याम (40) पुत्र वंशीलाल बागरी,खुशबू बाई (22)पुत्री भरत बागरी, केलम बाई (18) पुत्री घनश्यामम बागरी और सोनी बाई (35)पत्नी घनश्याम बागरी निवासी ग्राम गागरौन थाना मंडावर राजस्थान शामिल है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी गया 90 हजार रुपये कीमती मशरुका बरामद किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

