home page

राजगढ़ः व्यापारी के कपड़ों पर रंग डालकर 1.49 लाख से भरा थैला उड़ाने वाले चार आरोपित गिरफ्तार

 | 
राजगढ़ः व्यापारी के कपड़ों पर रंग डालकर 1.49 लाख से भरा थैला उड़ाने वाले चार आरोपित गिरफ्तार


राजगढ़, 23 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गांधी ब्रदर्स दुकान के सामने व्यापारी का ध्यान भटकाकर 1.49 लाख चोरी करने के मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की पूरी रकम बरामद करने के साथ वारदात में इस्तेमाल होंडा शाइन बाइक भी जब्त की है। मामले में एक नाबालिग की भूमिका भी सामने आई है, जबकि उसका पिता फरार है।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने बुधवार को पचोर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि 18 सितम्बर को ब्यावरा निवासी 70 वर्षीय रामचंद उर्फ चंदू यादव खुजनेर में दुकानदारों से सामान की सप्लाई और नगदी वसूली के लिए आए थे। उनके हरे रंग के थैले में करीब 1.49 लाख रखे थे। शाम करीब 4.30 बजे गांधी ब्रदर्स दुकान के सामने पहुंचने पर किसी ने उनके कुर्ते पर पीछे से लाल रंग का तरल पदार्थ डाल दिया। व्यापारी पानी से कपड़े साफ करने लगे और नगदी से भरा थैला दुकान के बाहर बोरी पर रख दिया। इसी दौरान आरोपी थैला लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर चार आरोपितों को हिरासत में लिया, जिनमें बादल(22)पुत्र कृष्णा सिसोदिया, लक्ष्मी पत्नी सज्जन सांसी, प्रिया पुत्री लाखन सांसी निवासी गुलखेड़ी थाना बोड़ा और नाबालिग की मां निवासी मुंगावली जिला अशोकनगर शामिल है। नाबालिग की पहचान गोपनीय रखते हुए किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। उसका पिता फरार है।

पुलिस के मुताबिक आरोपित बादल सिसोदिया के खिलाफ मध्यप्रदेश सहित महाराष्ट्र, पंजाब और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी व अन्य धाराओं के 12 अपराध पहले से दर्ज हैं। लक्ष्मी के खिलाफ भी ग्वालियर में प्रकरण दर्ज होना सामने आया है। मामले में विवेचना के दौरान बीएनएस की अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। कार्रवाई के दौरान थानाप्रभारी रवि ठाकुर, बोड़ा थानाप्रभारी देवेन्द्र राजपूत, देहात ब्यावरा थानाप्रभारी प्रवीण जाट, एसआई जितेन्द्र अजनारे, एएसआई समीर खान, षादाब खान सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक