राजगढ़ः अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपित गिरफ्तार, पिकअप वाहन जब्त
राजगढ़, 12 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना पुलिस टीम ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह के चार शातिर आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी की गई पिकअप वाहन बरामद की है, जबकि गिरोह का एक आरोपित अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने पुलिस नियंत्रण कक्ष में रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि 25 जून को ग्राम सालपुरा निवासी कन्हैयालाल पुत्र अमरसिंह तंवर ने शिकायत की, बीती रात अज्ञात बदमाश घर के सामने से पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-39-जी-2160 चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने करीब 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और साइबर सेल की मदद से आरोपितों तक पहुंच बनाई। करीब 15 दिन की तकनीकी व भौतिक जांच के बाद गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया, जिनमें मुजाहिद (32)पुत्र वशीर खान निवासी सीहोर, अमित (19) पुत्र नवलसिंह मालवीय निवासी विदिषा, सुल्तान(52) पुत्र मथुरालाल गुर्जर निवासी विदिशा और रामबाबू (42) पुत्र मथुरालाल गुर्जर शामिल हैं, जबकि भोपाल निवासी आशिक पुत्र हबीव खान फरार है।
पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि वारदात से दो दिन पहले उन्होंने सालपुरा पहुंचकर इलाके की रेकी की थी। चोरी के बाद पिकअप को कुरावर स्थित एक वेल्डिंग व डेंटिंग-पेंटिंग की दुकान पर ले जाकर उसका रंग और बाहरी स्वरूप पूरी तरह बदल दिया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। हालांकि तकनीकी साक्ष्यों और सतर्क जांच के आधार पर पुलिस ने वाहन बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपितों पर पहले से वाहन चोरी, नकबजनी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

