राजगढ़ः दिनदहाड़े चोरी करने वाले पारदी गैंग के चार सदस्य गिरफ्तार, 15 लाख का माल बरामद
राजगढ़, 09 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाना की पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी विश्लेषण के आधार पर दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बनाने वाले पारदी गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 15 लाख का मशरुका बरामद किया है।
एसडीओपी नरसिंहगढ़ मिनी शुक्ला ने शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि घटना 21 अप्रैल की है, जब फरियादी गजराज लववंशी के घर दिनदहाड़े चोरी हो गई थी। पुलिस ने मामले में मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और अज्ञात के खिलाफ धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, एएसपी केएल.बंजारे व एसडीओपी मिनी शुक्ला के मार्गदर्शन में गठित टीम ने 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी डेटा का विश्लेषण कर आरोपितो को चिन्हित किया। पुलिस ने मामले में नारायण (20) पुत्र आसमान पारदी निवासी कटरा हिल्स भोपाल, जोगेश (20) पुत्र कमलेश पारदी निवासी बैरसिया भोपाल, इंद्रराज(24) पुत्र कुंअरसिंह पारदी निवासी अनंतपुर जिला विदिशा और कमलेश (50)पुत्र जेलर पारदी निवासी थाना बैरसिया को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से साढ़े सात लाख रुपए कीमती सोने के गहने, चार लाख रुपए कीमती चांदी के गहने, घटना में प्रयुक्त दो लाख 95 हजार रुपए कीमती बाइकें जब्त की, मशरुका की कुल कीमत 15 लाख रुपए है। पूछताछ में आरोपितों द्वारा ग्राम देवगढ़ में की गई चोरी का भी खुलासा हुआ। गैंग दिन में सूने घरों को निशाना बनाती थी और ऐसे साक्ष्य छोड़ती थी जिससे पड़ोसियों पर संदेह हो। आरोपितों के खिलाफ मध्यप्रदेश व अन्य राज्यों में कई प्रकरण दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

