राजगढ़ः शादी समारोह में हुए विवाद में घायल व्यक्ति की मौत के मामले में 4 आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 21 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना पुलिस टीम ने शादी समारोह में हुए विवाद में घायल व्यक्ति की मौत के मामले में तात्कालिक कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने रविवार को बताया कि 12 जून को ग्राम मोकमपुरा में असलम खान की बेटी के विवाह समारोह में दो पक्षों के बीच नाच-गाने के दौरान धक्का-मुक्की हो गई थी। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस मामले में कोतवाली थाना राजगढ़ में क्रॉस केस दर्ज किए गए थे। मारपीट में हाकिम पुत्र मोहम्मद खान निवासी ब्लू मून कॉलोनी, भोपाल गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसके दाहिने पैर की जांघ और सिर में चोट आई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल राजगढ़ से भोपाल रेफर कर दिया गया था, जहां निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 19 जून को उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि हाकिम की मौत सिर में ठोस वस्तु लगने से हुई। इसके बाद पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्य, मर्ग इंटीमेशन, पीएम रिपोर्ट और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 103(1) जोड़ते हुए हत्या का मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया, जिनमें सद्दाम पुत्र नूर मोहम्मद खान, पप्पू पुत्र नूर मोहम्मद खान निवासी गोवर्धनपुरा, आसिफ पुत्र अंसार खान निवासी बाराद्वारी राजगढ़ और आसिफ पुत्र आयीन खान निवासी ब्लू मून कॉलोनी भोपाल शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

