राजगढ़ः सराफा व्यापारी से लूट के मामले में चार आरोपित गिरफ्तार, नकदी व बाइक बरामद
राजगढ़, 24 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सराफा व्यापारी से हुई लूट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपितों के कब्जे से लूटी गई नकदी भी बरामद कर ली।
थाना प्रभारी कमलसिंह गहलोत ने शुक्रवार को बताया कि 23 अप्रैल को खिलचीपुर निवासी सराफा व्यापारी देवेन्द्र सर्राफ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह रात में दुकान बंद कर घर जा रहा था, तभी अज्ञात बदमाशों ने उसका बैग झपट लिया। बैग में 26 हजार 500 रुपए नकद और चाबियां रखी हुई थीं। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खिलचीपुर, माचलपुर, भोजपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पंकज (20)पुत्र जानकीलाल मालाकार निवासी अकलेरा राजस्थान,नवीन (19) पुत्र चांदमल मालाकार निवासी कोली मौहल्ला अकलेरा, राहुल(20)पुत्र ओमप्रकाष मालाकार और आकाश (20) पुत्र रामबाबू मालाकार निवासी खिलचीपुर को गिरफ्तार किया। आरोपितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

