राजगढ़ः नातरा-झगड़ा कुप्रथा में 30 लाख की मांग, फसल काटकर नुकसान करने वाले चार आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 04 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने नातरा- झगड़ा कुप्रथा के नाम पर 30 लाख रुपए की मांग पूरी नहीं होने पर खेतों में खड़ी सोयाबीन और मक्का की फसल काटकर नष्ट करने के मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों पर फरियादी को धमकाने और करीब 5 लाख रुपये की फसल का नुकसान करने का आरोप है।
थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने शुक्रवार को बताया कि 24 अगस्त को रामगढ़ निवासी मुकेश(28) पुत्र हरचंद तंवर ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसकी बहन की शादी ग्राम निपानिया निवासी बनेसिंह तंवर के बेटे नानकराम से हुई है। पारिवारिक विवाद के चलते नानकराम और उसके परिजन नातरा- झगड़ा के नाम पर उससे 30 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। आरोपितों ने पहले भी उससे 20 हजार रुपए लिए थे। फरियादी के अनुसार पूरी रकम नहीं देने पर 23 अगस्त की रात आरोपितों ने उसके सहित अन्य ग्रामीणों के खेतों में खड़ी सोयाबीन और मक्का की फसल काटकर नष्ट कर दी। इससे करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ। आरोपितों ने रकम नहीं देने पर आगे भी नुकसान करने और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में आरोपितों के खिलाफ धारा 308(5), 324(4), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपित बनेसिंह (58) पुत्र घीसालाल तंवर, उसके बेटे नानकराम (21), अजबसिंह (23) और लखनसिंह (27) साल निवासी निपानिया थाना कालीपीठ को हिरासत में लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

