home page

राजगढ़ः पेट्रोल पंप पर डकैती की साजिश नाकाम, हथियार सहित पांच बदमाश गिरफ्तार

 | 
राजगढ़ः पेट्रोल पंप पर डकैती की साजिश नाकाम, हथियार सहित पांच बदमाश गिरफ्तार


राजगढ़, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के बोडा थाना पुलिस ने गुरुवार की रात पचोर रोड हनुमान मंदिर के पीछे से दबिश देकर पेट्रोल पंप पर डकैती की योजना बना रहे पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। आरोपितों के कब्जे से फर्सी, चाकू, लुहांगी, लाठियां और मिर्च पाउडर बरामद किया गया है।

थाना प्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बीती रात पचोर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पीछे से घेराबंदी कर पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की योजना बना रहे पांच आरोपितों को हिरासत में लिया, जिनमें दुर्गेश (22) पुत्र मनोहर कंजर, नीतेश (20) पुत्र अलकारिया कंजर, आजाद (25) पुत्र सीताराम कंजर, मन्नू(25)पुत्र दिलीप कंजर और बसंत (25) पुत्र सोहन कंजर निवासी कंजरपुरा, थाना पचोर षामिल है। तलाशी के दौरान उनके पास से डकैती में इस्तेमाल किए जाने वाले हथियार और अन्य सामग्री जब्त की गई। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 310(4), 310(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जांच में सामने आया है कि आरोपितों का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है और कई गंभीर अपराधों में इनके खिलाफ पहले से मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि यह गिरोह जिले में अन्य वारदातों में शामिल रहा है या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक