home page

राजगढ़ः 12 वर्षीय बालिका से विवाह, खरीद-फरोख्त और शोषण के मामले में पांच आरोपित गिरफ्तार

 | 
राजगढ़ः 12 वर्षीय बालिका से विवाह, खरीद-फरोख्त और शोषण के मामले में पांच आरोपित गिरफ्तार


राजगढ़, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना पुलिस ने 12 वर्षीय नाबालिग बालिका से विवाह, खरीद-फरोख्त और शोषण से जुड़े गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने गुरुवार को बताया कि 12 वर्षीय बालिका के पिता के निधन के बाद उसकी मां का विवाह गुना निवासी पवन उर्फ परमाल गुर्जर से किया गया था। आरोप है कि पवन बालिका और उसकी मां को राजगढ़ लेकर आया और मिलीभगत से 3 फरवरी 2025 को बालिका का विवाह 26 वर्षीय भोला उर्फ भोलाराम गुर्जर से करा दिया। बताया गया कि बाल विवाह के एवज में आरोपितों ने 8 लाख रुपये नकद और 4 लाख रुपये के आभूषण लिए। विवाह के बाद आरोपी भोलाराम तथा पवन द्वारा बालिका के साथ शोषण किए जाने के आरोप सामने आए हैं। बाद में पवन पीड़िता की मां को छोड़कर फरार हो गया, जिसके बाद मां का तीसरा विवाह राजस्थान में करा दिया गया। इस दौरान पीड़िता को राजगढ़ में एक महिला के घर छोड़ दिया गया, जहाँ एक अन्य आरोपी देवराज द्वारा भी शोषण किए जाने की शिकायत सामने आई।

मामला कोतवाली पुलिस के संज्ञान में आने पर बालिका को सुरक्षित रखते हुए मनोवैज्ञानिक रूप से सहज किया गया। इसके बाद उसने पूरा घटनाक्रम पुलिस को बताया, जिसके आधार पर कई गंभीर धाराओं सहित पॉक्सो एक्ट और बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपित भोलाराम गुर्जर (26),देवराज गुर्जर,सागर गुर्जर (26),शैतानबाई (50) और पीड़िता की मां को हिरासत में लिया। वहीं मौके से फरार पवन उर्फ परमाल गुर्जर की गिरफ्तार को लेकर दस हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक