home page

राजगढ़ः घर में घुसकर मारपीट और डकैती करने वाले 5 आरोपित गिरफ्तार

 | 
राजगढ़ः घर में घुसकर मारपीट और डकैती करने वाले 5 आरोपित गिरफ्तार


राजगढ़, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना पुलिस ने ग्राम पाटलीकला में घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और डकैती की वारदात के मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तीन भैंस, दो छोटे पाड़ा, एक पाड़ी, छह बकरी, एक घोड़ी और 250 ग्राम चांदी की दो नेवरियां बरामद की गई हैं। मामले में पांच अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

थाना प्रभारी जितेन्द्र अजनारे ने रविवार को बताया कि 24 अक्टूबर को ग्राम पाटलीकला निवासी रवि पुत्र मोहनलाल तंवर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे वह अपने माता-पिता, बहन और भाभी के साथ घर पर था। इसी दौरान आरोपितों ने मुख्य दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा घर में तोड़फोड़ की। फरियादी के मुताबिक, आरोपित बंटी तंवर ने उसके कानों में पहनी करीब 10 ग्राम सोने की बालियां छीन लीं, जबकि माऊ सिंह ने हाथों में पहने करीब 250 ग्राम चांदी के कड़े निकाल लिए। आरोपियों ने छत की सीमेंट की टीनशेड तोड़ दी और घर का सामान बिखेर दिया। घटना में करीब 70 हजार रुपए का नुकसान होने की बात भी शिकायत में बताई गई है। आरोपित घर में बंधे पशुओं के अलावा अनाज, पानी की मोटर और संदूक में रखी करीब 250 ग्राम चांदी की नेवरियां भी ले गए थे।

पुलिस ने मामले में आरोपितों के खिलाफ धारा 310(2),140(3), 333, 191(2), 324(4), 189(2), 296(बी) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपित बनेसिंह पुत्र रामचंद्र तंवर, गुलाबसिंह पुत्र रामप्रसाद तंवर, बलराम पुत्र सुरेष बैरागी, रघुनाथ पुत्र चैनसिंह तंवर और मोहन पुत्र चैनसिंह तंवर निवासी पाटलीकला को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 250 ग्राम चांदी के पैरों की दो नेवरियां, तीन भैंस, दो छोटे पाड़ा, एक पाड़ी, छह बकरी और एक घोड़ी बरामद की। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपितों को अदालत में पेष किया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया। मामले में शेष पांच आरोपितों की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक