home page

राजगढ़ःखाटू श्याम मंदिर में महिला श्रद्धालु का मंगलसूत्र चोरी, आरोपी महिला गिरफ्तार

 | 
राजगढ़ःखाटू श्याम मंदिर में महिला श्रद्धालु का मंगलसूत्र चोरी, आरोपी महिला गिरफ्तार


राजगढ़, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में खुजनेर थाना क्षेत्र स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के दौरान एक महिला श्रद्धालु का सोने का मंगलसूत्र चोरी होने का मामला सामने आया है।

घटना रविवार की शाम उस समय हुई जब पीड़ित दर्शन के लिए लगी लाइन में अपनी देवरानी के साथ खड़ी थी। तभी पीछे खड़ी महिला ने उसके गले से पेंडल सहित सोने का मंगलसूत्र खींच लिया, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है। मंगलसूत्र खींचते ही पीड़िता को घटना का अहसास हुआ और उसने शोर मचाया, जिसके बाद मौजूद लोगों की मदद से आरोपी महिला को मौके पर ही पकड़ लिया गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर मौके पर पहुंची खुजनेर थाना पुलिस ने चोरी करने वाली महिला को अपनी हिरासत में ले लिया। ।

जानकारी के अनुसार ग्राम खेड़ा थाना शुजालपुर जिला शाजापुर निवासी 40 वर्षीय डालबाई पति मानसिंह मालवीय ने बताया कि वह बीती शाम खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी महिला राधाबाई पत्नी गोविंद बागरी, निवासी बारवाड़, राजस्थान द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले में आरोपियन के खिलाफ धारा 304(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ के बाद सोमवार को अदालत में पेश किया,जहां से उसे न्यायिक प्रक्रिया में भेज दिया गया। पुलिस अब घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक