राजगढ़ःवन्यप्राणी अधिनियम व चोरी के मामले में 20 साल से फरार वारंटी गिरफ्तार
राजगढ़, 01 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ में बोड़ा थाना पुलिस ने वन्यप्राणी अधिनियम व चोरी के मामले में 20 साल से अधिक समय से फरार चले रहे स्थाई वारंटी को ग्राम कड़ियासांसी में दबिश देकर हिरासत में लिया है। पूछताछ के बाद आरोपित को अदालत में पेश किया,जहां से उसे जेल भेजा गया।
थाना प्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत ने रविवार को बताया कि 2005 में ग्राम कड़ियासांसी निवासी ज्वालाप्रसाद पुत्र मेहरवान उर्फ रम्मो सांसी के खिलाफ धारा 17,51 वन्य प्राणी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया था, जिसमें आरोपित ने चीतल का शिकार किया था वहीं 2004 में आरोपित के खिलाफ धारा 379 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। जिले में पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर फरार आरोपित, स्थाई वारंटी, वसूली वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ अफसरों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर ज्वालाप्रसाद(45)पुत्र मेहरवान उर्फ रम्मो सांसाी निवासी कड़ियासांसी को हिरासत में लिया। आरोपित पिछले 20 सालों से अधिक समय से अज्ञात स्थान पर रहकर फरार चल रहा था,जो होली का त्योहार मनाने ग्राम कड़ियासांसी पहुंचा था।इसी दौरान पुलिस दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान थानाप्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत, प्रआर.धनसिंह अहिरवार, आर.कपिल, दुष्यंत, धर्मेन्द्र, सुनील और पूजा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

