home page

राजगढ़ः झगड़ा प्रथा के तहत राशि मांगने और धमकी देने वाला आरोपित 12 घंटे में गिरफ्तार

 | 
राजगढ़ः झगड़ा प्रथा के तहत राशि मांगने और धमकी देने वाला आरोपित 12 घंटे में गिरफ्तार


राजगढ़, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में देहात ब्यावरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झगड़ा प्रथा के तहत दस लाख रुपये मांगने और रकम न देने पर फरियादी की नाबालिग बेटी को उठाने तथा गांव में आगजनी कर नुकसान पहुंचाने की धमकी देने वाले आरोपित को महज 12 घंटे में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

थाना प्रभारी प्रवीण जाट ने मंगलवार को बताया कि 23 मार्च को ग्राम बंजारी निवासी धीरज पुत्र छगनलाल मेहर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि संवासी निवासी हरीओम मेहर पारिवारिक विवाद के चलते उससे झगड़ा प्रथा के अंतर्गत दस लाख रुपये की मांग कर रहा है। शिकायत में यह भी उल्लेख था कि आरोपी लगातार बेटी को उठाने और गांव में आग लगाने की धमकी दे रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 308(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने 12 घंटे के भीतर आरोपी हरीओम मेहर को हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक