राजगढ़ः नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाला आरोपित पचोर बायपास से गिरफ्तार
राजगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित गुजरात भागने की फिराक में था और पचोर बायपास पर बस का इंतजार कर रहा था।
थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने बुधवार को बताया कि 22 नवंबर को 13 साल की बालिका की शिकायत पर आरोपित लखन(23)पुत्र बापूलाल वर्मा के खिलाफ धारा 137(2), 65(1), 64(2)(उ), 351(3)बीएनएस,5/6 पाॅक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपित लखन को पचोर बायपास से पकड़ा, जो गुजरात भागने की फिराक में था। कार्रवाई के दौरान थानाप्रभारी रवि ठाकुर, एएसआई मंगलसिंह, प्रआर.वीरेन्द्र यादव, भानू सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने महिला एवं बाल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अपराधियों के खिलाफ त्वरित वैधानिक कार्रवाई की प्रतिबद्धता जताई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

