राजगढ़ में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का आरोपित अजमेर से गिरफ्तार
राजगढ़, 18 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बोड़ा थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपित को अजमेर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई ऑपरेशन मुस्कान के तहत की। आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पीड़िता के कथनों के आधार पर उसके खिलाफ प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस ने आरोपित से पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत ने शुक्रवार को बताया कि 15 सितंबर को नाबालिग बालिका के पिता ने बोड़ा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि उनकी बेटी रात करीब आठ बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई और इसके बाद वापस नहीं लौटी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू की और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।
बालिका की तलाश के लिए पुलिस ने विवेचना के दौरान उपलब्ध डिजिटल और साइबर संसाधनों का इस्तेमाल किया। पुलिस टीम को जांच के दौरान आरोपित के अजमेर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने अजमेर पहुंचकर दबिश दी और आरोपित फैजान निवासी पिपलियारसोड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपित को हिरासत में लेने के बाद मामले की आगे की जांच की गई। पीड़ित के कथनों के आधार पर आरोपित फैजान के खिलाफ प्रकरण में अतिरिक्त धाराओं का इजाफा किया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे और नरसिंहगढ़ एसडीओपी रामस्नेह चौहान के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने डिजिटल एवं साइबर माध्यमों से प्राप्त जानकारी के आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया। बोड़ा पुलिस के अनुसार आरोपित की गिरफ्तारी ऑपरेशन मुस्कान के तहत की गई है। पुलिस मामले की विवेचना जारी रखते हुए घटना से संबंधित अन्य साक्ष्यों और तथ्यों को जुटा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

