राजगढ़ः नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ करने वाला आरोपित गिरफ्तार,भेजा जेल
राजगढ़, 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में देहात ब्यावरा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ करने वाले आरोपित को हिरासत में लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपित को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा।
थाना प्रभारी प्रवीण जाट ने शनिवार को बताया कि 24 मार्च को नाबालिग किशोरी ने परिजनों के साथ थाना पहुंचकर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 मार्च को वह घर पर अकेली थी। माता रिश्तेदारी में और पिता कार्यालय गए हुए थे। इसी दौरान आरोपित देवराज पुत्र हीरासिंह निवासी कुंडीबे थाना कालीपीठ दुकान पर आया और रतलामी सेव मांगी। बालिका द्वारा दुकान बंद होने की बात कहने पर आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर अपनी गर्लफ्रेंड बनने का दबाव बनाया तथा बुरी नियत से हाथ पकड़कर धमकाया। डर के कारण बालिका ने तुरंत घटना नहीं बताई। दो दिन बाद हिम्मत जुटाकर परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद थाना देहात ब्यावरा में शिकायत दर्ज की गई। पुलिस ने मौके से फरार आरोपित के खिलाफ धारा 74, 75(1)(आई), 78(2), 351(3) बीएनएस एवं 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपित देवराज (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

