राजगढ़ः आईफोन देने का झांसा देकर मोबाइल कारोबारी से 5.79 लाख की ठगी, इंदौर से आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर थाना पुलिस ने नए आईफोन की सप्लाई देने का झांसा देकर मोबाइल कारोबारी से 5 लाख 79 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपित को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने कारोबारी से आईफोन 17 प्रो और आईफोन 17 सहित 9 मोबाइल का ऑर्डर लिया था। इसके बाद टोकन मनी के नाम पर दो बैंक खातों में रकम जमा कराई और मोबाइल बस से भेजने का भरोसा दिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से ठगी की पूरी 5.79 लाख रुपए की राशि बरामद कर ली है।
थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को बताया कि शहीद कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय कृतिम सोनी हैलो मोबाइल नाम से दुकान संचालित करते हैं। 18 सितंबर को उनके वॉट्सऐप पर गुरुकृपा मोबाइल इंदौर के नाम से नए मोबाइल बेचने का मैसेज आया था। इसके बाद मोबाइल सप्लाई को लेकर बातचीत शुरू हुई। 12 अक्टूबर को कारोबारी ने दुकान के लिए एक आईफोन 17 प्रो और आठ आईफोन 17 का ऑर्डर दिया। आरोपित ने टोकन मनी के नाम पर एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक के खाते भेजे। कारोबारी ने एक्सिस बैंक खाते में अलग-अलग माध्यमों से 4.79 लाख रुपए और एचडीएफसी बैंक खाते में एक लाख रुपए जमा करा दिए। कुल 5.79 लाख रुपए मिलने के बाद आरोपित ने बस से मोबाइल भेजने की बात कही और बस व ड्राइवर का नंबर भी दिया। बस स्टैंड पहुंचने पर हुआ खुलासा कारोबारी बताए गए बस स्टैंड पर पहुंचा तो वहां संबंधित बस नहीं मिली। ड्राइवर का मोबाइल बंद था। आरोपित से संपर्क करने पर वॉट्सऐप चैट भी डिलीट मिली और उसका फोन बंद हो गया।पुलिस ने मामले में आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस तकनीकी सहयोग से इंदौर निवासी हर्ष छावड़ा को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूरी ठगी की रकम बरामद की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

