home page

राजगढ़ः मंदिर से हनुमानजी का चांदी का मुकुट चोरी, आरोपित गिरफ्तार

 | 
राजगढ़ः मंदिर से हनुमानजी का चांदी का मुकुट चोरी, आरोपित गिरफ्तार


राजगढ़, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र स्थित अंजनीलाल हनुमान मंदिर से हनुमानजी की प्रतिमा का 200 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट चोरी होने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को कुछ ही घंटों में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गया मुकुट बरामद कर लिया है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात अज्ञात व्यक्ति मंदिर में पहुंचा और हनुमानजी की प्रतिमा से चांदी का मुकुट उतारकर ले गया। शुक्रवार सुबह चोरी का पता चलने पर मंदिर समिति ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपित की पहचान अरुण सोनी निवासी खिलचीपुर के रूप में की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपित मंदिर में नियमित रूप से दर्शन करने आता था। सीसीटीवी फुटेज में वह देर रात मंदिर से मुकुट लेकर जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से मुकुट बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि इसी मंदिर में करीब छह महीने पहले 12 मार्च को भी चोरी हुई थी। उस दौरान अज्ञात चोर शिवलिंग से पीतल का त्रिशूल और नाग चोरी कर ले गया था।

पुलिस अब वर्तमान चोरी के मामले में आरोपित से पूछताछ कर रही है और पूर्व की घटना के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक