home page

राजगढ़ः महिला से मंगलसूत्र और नकदी छीनकर भागा बदमाश गिरफ्तार

 | 
राजगढ़ः महिला से मंगलसूत्र और नकदी छीनकर भागा बदमाश गिरफ्तार


राजगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के छापीहेड़ा थाना पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र, नकदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।

एएसपी केएल.बंजारे ने शुक्रवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि 6 अगस्त को विदिशा जिले के लटेरी थाना क्षेत्र के ग्राम अलीगंज निवासी 18 वर्षीय होकमसिंह बंजारा ने संडावता चैकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। वह ग्राम भ्याना में आरसीसी सड़क निर्माण कार्य का ठेका लेकर काम कर रहा था। काम खत्म होने के बाद वह अपनी बहन और भाभी को बस से लटेरी भेजने के लिए संडावता तिराहे पर खड़ा था। इसी दौरान उसकी भाभी सीमा बंजारा और बहन अनीता पास स्थित दुकानों के पीछे गई थीं। लौटते समय काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार नकाबपोश युवक ने सीमा के साथ मारपीट कर गले से गिलट का मंगलसूत्र और हाथ में रखा पर्स छीन लिया। पर्स में दो हजार रुपये नकद रखे थे।

पुलिस ने मामले में तात्कालिक कार्रवाई करते हुए खुजनेर के समीप बखेड़ जोड़ से आरोपित जितेंद्र (23) पुत्र जगदीश वर्मा निवासी ग्राम भंडावत, थाना पचोर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपित के कब्जे से करीब 4 हजार रुपये कीमत का गिलट का मंगलसूत्र, दो हजार रुपये नकद और करीब 80 हजार रुपये कीमत की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक