राजगढ़ः चोरी के मामले में आरोपित गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद
राजगढ़, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के बोडा थाना पुलिस ने चोरी करने वाले आरोपित को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी की गई 50 हजार रुपये की पूरी राशि बरामद की।
थाना प्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत ने बुधवार को बताया कि 11 जून को ग्राम हुलखेड़ी निवासी समंदर पुत्र किशनलाल मोगिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 2 बजे उसके घर के बाहर तौलिये में रखे 50 हजार रुपये अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने ग्राम हुलखेड़ी निवासी नंदन (35)पुत्र प्रभुलाल मोगिया (35) को हिरासत में लिया और उसके कब्जे से चोरी की गई 50 हजार रुपये की पूरी नगद राशि जब्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

