home page

राजगढ़ःएटीएम चोरी का प्रयास करने वाला आदतन आरोपित गिरफ्तार, बाइक और औजार बरामद

 | 
राजगढ़ःएटीएम चोरी का प्रयास करने वाला आदतन आरोपित गिरफ्तार, बाइक और औजार बरामद


राजगढ़, 14 मई(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की शहर ब्यावरा थाना पुलिस ने एटीएम चोरी के प्रयास के मामले में आरोपित को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, चाबी तथा एटीएम तोड़ने के औजार बरामद किए है।

थानाप्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को बताया कि 5 फरवरी को बैंक ऑफ बड़ौदा, शाखा ब्यावरा के शाखा प्रबंधक बनवारीलाल यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि ओल्ड एबी रोड स्थित मुराद मार्केट के पास लगे एटीएम में तोड़फोड़ की गई थी। एटीएम का तार टूटा हुआ था, कैश डिस्पेंसर क्षतिग्रस्त था और सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया गया था। हालांकि आरोपित कैश चोरी करने में सफल नहीं हो सका। इसी तरह 7 मई को आईडीएफसी बैंक के एटीएम में चोरी के प्रयास और तोड़फोड़ की शिकायत दर्ज कराई गई। दोनों मामलों में थाना ब्यावरा शहर में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे एवं एसडीओपी ब्यावरा प्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित जीवन पुत्र भारतसिंह गुर्जर (उम्र 19 वर्ष), निवासी सुवाहेड़ी, थाना देहात ब्यावरा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक बाइक, एटीएम खोलने की चाबियां और तोड़ने के औजार बरामद किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक