home page

राजगढ़ः कूटरचित नंबर प्लेट लगाकर टोल पार करने वाला आरोपित गिरफ्तार, अर्टिगा कार जब्त

 | 
राजगढ़ः कूटरचित नंबर प्लेट लगाकर टोल पार करने वाला आरोपित गिरफ्तार, अर्टिगा कार जब्त


राजगढ़, 16 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शहर ब्यावरा थाना पुलिस ने कूटरचित नंबर प्लेट का उपयोग कर टोल प्लाजा से वाहन निकालने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से अर्टिगा कार सहित फर्जी नंबर प्लेट जब्त की है।

थाना प्रभारी वीरेन्द्र धाकड़ ने गुरुवार को बताया कि 13 मार्च को आदर्श कॉलोनी निवासी प्रेमनारायण वैष्णव के मोबाइल पर जोगीपुरा टोल प्लाजा से टोल कटने का संदेश आया, जबकि उनकी गाड़ी घर के बाहर खड़ी थी। संदेह होने पर उन्होंने टोल प्लाजा से जानकारी ली, जिसमें पता चला कि कोई अज्ञात वाहन चालक उनके वाहन नंबर का उपयोग कर टोल पार कर रहा है। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे एवं एसडीओपी प्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपित कन्नू (28)पुत्र प्यारेलाल शिल्पकार निवासी बीनागंज, जिला गुना को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी फाइनेंस की गाड़ी की किस्त जमा नहीं कर पा रहा था, इसलिए वाहन को छुपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग कर रहा था और अन्य वाहन नंबरों का भी दुरुपयोग कर रहा था। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से अर्टिगा कार क्रमांक एमपी 04 ईए 1732 और कूटरचित नंबर प्लेट एमपी 09 डब्ल्यूके 6757 जब्त की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक