राजगढ़: अंतर्राज्यीय गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार, 34.55 लाख का माल बरामद
राजगढ़, 21 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के थाना देहात ब्यावरा पुलिस ने अमानत में खयानत के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 420 कट्टे मिल्क पाउडर और दो लाख रुपये नकद जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत 34 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है।
थानाप्रभारी प्रवीण जाट ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि 8 मार्च को ग्वालियर के किला गेट निवासी 35 वर्षीय पूजा शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके 700 कट्टे नोवा मिल्क पाउडर को वाहन चालक द्वारा अमानत में खयानत कर हड़प लिया गया है। इस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 316(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, एएसपी के.एल. बंजारे और एसडीओपी प्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। टीम ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और साइबर तकनीकी विश्लेषण के आधार पर राजस्थान में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान डींग जिले से अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्य मुन्फेद (24) और रफीक (27) को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी मेवात क्षेत्र के निवासी हैं और लंबे समय से इस प्रकार की वारदातों में सक्रिय बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपितों से 420 कट्टे मिल्क पाउडर और दो लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में आगे की पूछताछ जारी है और अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा जागरूक रहकर अपराधों की रोकथाम में सहयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

