राजगढ़ः लूट की वारदात में फरार ईनामी आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 23 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लाए जा रहे अभियान के तहत माचलपुर पुलिस ने लूट की घटना में फरार चल रहे ईनामी आरोपित को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
थानाप्रभारी आदित्य सोनी ने गुरुवार को बताया कि एक अप्रैल को ग्राम रामगढ़ निवासी होकमसिंह (47)पुत्र केशरसिंह राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 मार्च की रात वह अपने रिश्तेदार को मोटरसाइकिल से छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान छापी नदी की पुलिया के पास आरोपित ने उसकी जेब से पर्स निकाल लिया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह पुलिया के नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। फरियादी के पर्स में पांच हजार रुपये नगद, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस थे, जिन्हें आरोपित लूटकर फरार हो गया था। मामले में पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 309(6), 311 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया था। विवेचना के दौरान वरिष्ठ अफसरों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मुखबिर व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित कमलसिंह राजपूत (54), निवासी ग्राम अरनिया को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से लूट के पांच हजार रुपये बरामद किए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

