home page

नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पांच माह से फरार इनामी आरोपित गिरफ्तार

 | 
नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पांच माह से फरार इनामी आरोपित गिरफ्तार


राजगढ़, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कोतवाली थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में करीब पांच माह से फरार चल रहे इनामी आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित को राजगढ़ बस स्टैंड से उस समय पकड़ा, जब वह कहीं भागने की तैयारी में था। आरोपित पर पुलिस अधीक्षक की ओर से दो हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ सत्र न्यायालय राजगढ़ का गिरफ्तारी वारंट भी लंबित था।

थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने मंगलवार को बताया कि 12 अप्रैल को नाबालिग बालिका अपने पिता के साथ थाने पहुंची थी। शिकायत में उसने बताया था कि राजगढ़ उर्स से घर लौटते समय ग्राम भैनपुरा निवासी गिरिराज पुत्र कालूसिंह तंवर ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 96, 65(1), 351(3) बीएनएस तथा 3/4(2) पॉक्सो अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया था। घटना के बाद से आरोपित फरार था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन में आरोपित की तलाश के लिए टीम गठित की गई थी। पुलिस को सोमवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि गिरिराज तंवर राजगढ़ बस स्टैंड पर मौजूद है और वहां से फरार होने की तैयारी में है।

सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल बस स्टैंड पर दबिश देकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से मामले में आगे की कार्रवाई की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक