राजगढ़: नातरा-झगड़ा प्रथा में फसल जलाने वाला आरोपी गिरफ्तार
राजगढ़,25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना पुलिस ने नातरा-झगड़ा प्रथा के तहत 13 लाख रुपये की मांग करने और रकम न देने पर खेत में आग लगाकर फसल जलाने वाले आरोपित को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपित को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया।
थानाप्रभारी जितेन्द्र अजनारे ने बुधवार को बताया कि 10 मार्च को ग्राम टांडीखुर्द के 70 वर्षीय मोरसिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी भतीजी नौरंगबाई की शादी लगभग 20 साल पहले आरोपी रामप्रसाद पिता कन्हैयालाल तंवर से हुई थी। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व आरोपी ने दूसरी शादी कर ली और नौरंग बाई को छोड़ दिया। इसके बाद वह फरियादी परिवार पर नातरा-झगड़ा प्रथा के तहत 13 लाख रुपये की अवैध मांग कर रहा था। रकम न देने पर जान-माल की धमकी भी देता रहा।
10 मार्च को फरियादी जब अपने खेत पहुंचे तो आरोपी मोटरसाइकिल से भागता दिखाई दिया। खेत में आग लगी हुई थी, जिससे करीब 5 बीघा कटे हुए गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता देखते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 308(5), 326(एफ) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस टीम के सतत प्रयासों से आरोपी रामप्रसाद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में एसआई जितेंद्र अजनारे, एएसआई विजय सैनी, प्रआर. मुकेश पवैया, हेमंत भार्गव, माखन, आर. राहुल रजक तथा सायबर सेल के आरक्षक अशोक राहोरिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

