राजगढ़ःनातरा-झगड़ा प्रथा से जुड़े प्रकरण में आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 26 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना पुलिस ने नातरा-झगड़ा प्रथा से जुड़े एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए रुपये की मांग करने और रकम नहीं देने पर खेत में आग लगाकर नुकसान पहुंचाने वाले आरोपित को मात्र 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी रजनेश सिरोठिया ने गुरुवार को बताया कि 25 मार्च को फरियादी पर्वत सिंह निवासी जामोनिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके खेत में रखे भूसे में अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी, जिससे लगभग पांच हजार रुपये का नुकसान हुआ।घटनास्थल से मिली पर्ची में ग्राम खेजड़खो के लोगों द्वारा नातरा-झगड़ा प्रथा के तहत झगड़ा देने का दबाव बनाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 308(5) एवं 326(एफ) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की मदद से पुलिस टीम ने आरोपित राधेश्याम पिता रामचरण भील (27), निवासी खेजड़खो को 24 घंटे में हिरासत में ले लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

