राजगढ़ः दुष्कर्म के बाद गर्भवती हुई नाबालिग की हत्या के मामले में आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 08 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की कोतवाली थाना पुलिस टीम ने 14 वर्षीय नाबालिग बालिका की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था। बालिका के गर्भवती होने के बाद उसने उसकी हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल.बंजारे ने सोमवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि 26 मई को सूचना मिली थी कि एक नाबालिग बालिका का शव इमली के पेड़ पर फंदे से लटका हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन घटनास्थल के निरीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को संदेह हुआ कि मामला हत्या का हो सकता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि बालिका गर्भवती थी और उसकी मौत गला घोंटने से हुई थी। जांच के दौरान परिजनों ने एक युवक पर संदेह जताया। इसके बाद पुलिस ने मुकेश (26) पुत्र चंपालाल तंवर निवासी राजगढ़ को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि उसका नाबालिग से लंबे समय से संपर्क था। गर्भवती होने के बाद बालिका उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी कारण उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देष्य से शव को पेड़ पर लटकाकर आत्महत्या दिखाने की कोशिश की। पुलिस ने मामले में आरोपित के खिलाफ धारा 103(1) ,238, 301, 64 (2)(एम)बीएनएस और पाॅक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

