home page

राजगढ़ः जिला अस्पताल से फरार बंदी पचोर पशु मंडी से गिरफ्तार

 | 
राजगढ़ः जिला अस्पताल से फरार बंदी पचोर पशु मंडी से गिरफ्तार


राजगढ़, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की पुलिस ने महज आठ घंटे में शुक्रवार को जिला चिकित्सालय से पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए एक दंडित बंदी को गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार जितेंद्र (28) रामप्रसाद भाटी निवासी आनंदीखेड़ी कॉलोनी, नलखेड़ा जिला आगर-मालवा, जिला जेल राजगढ़ में सजा काट रहा था। उसे नकली भारतीय मुद्रा से जुड़े एक मामले में न्यायालय द्वारा दोषी ठहराते हुए सश्रम कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई गई थी। तबीयत खराब होने पर उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय राजगढ़ में भर्ती कराया गया था।

शुक्रवार सुबह कैंसर वार्ड में उपचार के दौरान आरोपित अस्पताल की एक क्षतिग्रस्त खिड़की से कूदकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की। घटनास्थल से टूटी जंजीर, पैरों के निशान और अन्य साक्ष्य मिले, जिससे उसके खिड़की के रास्ते भागने की पुष्टि हुई। जांच में पता चला कि आरोपित अस्पताल से भागने के बाद खिलचीपुर नाका क्षेत्र से पैदल जंगल के रास्ते खुजनेर पहुंचा और वहां से बस द्वारा पचोर चला गया। मुखबिर की सूचना पर कोतवाली राजगढ़ और पचोर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पशु मंडी क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपित का नकली नोटों के निर्माण, परिवहन और उपयोग से जुड़े कई गंभीर मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड है। कार्रवाई में कोतवाली थानाप्रभारी मंजू माखेनिया, एसआई राकेश दामले, गोटीसिंह परस्ते, एएसआई राजेन्द्रसिंह, प्रआर.नरेन्द्र शर्मा, आर.मुकेश, साहबसिंह सहित कोतवाली और पचोर थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक