राजगढ़ः फर्जी नंबर प्लेट लगाकर 259 कट्टे प्याज से भरा ट्रक ले जाने वाला आरोपित राजस्थान से गिरफ्तार
राजगढ़, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना पुलिस ने किसान से 259 कट्टे प्याज लेकर निर्धारित मंडी तक नहीं पहुंचाने और ट्रक में आग लगने की झूठी कहानी बनाकर धोखाधड़ी करने वाले आरोपित को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर प्याज बिक्री से मिली 4.50 लाख रुपये की राशि, ट्रक और फर्जी नंबर प्लेट जब्त की है। मामले में पुलिस ने सारंगपुर से राजस्थान के भरतपुर तक करीब 125 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और टोल प्लाजा पर भी जांच की।
थानाप्रभारी राहुल रघुवंशी ने शनिवार को बताया कि 3 नवंबर को ग्राम पड़ाना निवासी जफर (51) पुत्र कमरुद्दीन अंसारी ने शिकायत दर्ज करवाई कि शाजापुर मंडी से 259 कट्टे प्याज उत्तरप्रदेश की नवलगढ़ मंडी भेजने के लिए ट्रांसपोर्टर वसीम से संपर्क किया था। इसके बाद मिनी आयशर ट्रक क्रमांक एचआर 74 बी 2884 भेजा गया। फरियादी ने 12 अक्टूबर को प्याज भरवाकर ट्रक रवाना किया, लेकिन माल निर्धारित मंडी तक नहीं पहुंचा। पुलिस ने मामले में आरोपित चालक के खिलाफ धारा 318(4), 338 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित रोताश उर्फ रोहिताश पुत्र बाबूलाल गुर्जर निवासी डोढली, जिला अलवर (राजस्थान) को पकड़ा, जिसने ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदात की थी। उसने प्याज के कुछ कट्टे रास्ते में सस्ते दामों पर बेच दिए और ट्रक में आग लगने से प्याज जलने की झूठी कहानी बनाई। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से प्याज बिक्री की 4.50 लाख रुपए की राशि, ट्रक और फर्जी नंबर प्लेट जब्त की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

