राजगढ़ः श्रम विभाग से राशि दिलाने का झांसा देकर 95 हजार ठगे, आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 03 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना पुलिस ने श्रम विभाग से राशि दिलाने का झांसा देकर महिला और उसके परिजनों से 95 हजार रुपये लेने के मामले आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ चेक बाउंस के अलग-अलग मामलों में न्यायालय से जारी छह गिरफ्तारी वारंट भी लंबित थे।
थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने गुरुवार को बताया कि 1 सितंबर को शिक्षक कॉलोनी राजगढ़ निवासी देवकुमारी (35) पत्नी गंगाराम तंवर शिकायत दर्ज कराई थी। शिवधाम कॉलोनी निवासी सुरेंद्रसिंह पुत्र बंशीलाल जाटव, जो श्रम कार्यालय राजगढ़ में कार्यरत है, ने श्रम विभाग से राशि दिलाने का भरोसा देकर उससे और उसके परिजनों से अलग- अलग समय पर कुल 95 हजार रुपए लिए थे। रुपए लेने के बाद आरोपित ने न तो विभाग से कोई राशि दिलाई और न ही रकम वापस की। कई बार संपर्क करने के बावजूद आरोपित फोन नहीं उठा रहा था। पुलिस ने मामले में आरोपित के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस केतहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर तकनीक की मदद से आरोपित सुरेंद्र (53) पुत्र बंशीलाल जाटव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ जिला न्यायालय में परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत चेक अनादरण के छह अलग-अलग मामले लंबित हैं। इन मामलों में न्यायालय से छह गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। मामले में पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

