home page

राजगढ़ः महिला के नाम पर ब्लेकमेलिंग, 26.55 लाख की ठगी करने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 
राजगढ़ः महिला के नाम पर ब्लेकमेलिंग, 26.55 लाख की ठगी करने वाला आरोपित गिरफ्तार


राजगढ़, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के देहात ब्यावरा थाना पुलिस ने भोपाल निवासी कुलदीप चक्रवर्ती से आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म केस में फँसाने की धमकी देकर 30 लाख रुपये ऐंठने वाले शातिर आरोपित गुरुवार को गिरफ्तार किया।

मामला तब उजागर हुआ जब पीड़ित ने पुलिस मुख्यालय में विस्तृत शिकायत दर्ज कराई। देहात ब्यावरा थाना प्रभारी प्रवीण जाट ने शिकायत के आधार पर बताया कि वार्ड-2 भंवरगंज ब्यावरा निवासी कमल(31) पुत्र रामदयाल प्रजापति और भोपाल निवासी पीड़ित कुलदीप चक्रवर्ती (43) साल की पहचान वर्ष 2014 से थी। वर्ष 2021 में कमल ने उसे ब्यावरा में भोपाल बायपास स्थित एक होटल में मिलने बुलाया था। वहीं चाय पीने के बाद पीड़ित अचानक बेहोश हो गया। आरोप है कि इसी दौरान एक महिला के साथ उसका आपत्तिजनक वीडियो तैयार किया गया। इस वीडियो को वायरल करने और दुष्कर्म के केस में फँसाने की धमकी देकर आरोपित लगातार उससे रुपए मांगता रहा। पुलिस जांच में सामने आया कि 21 मई 2023 से 7 जुलाई 2023 के बीच पीड़ित से 26 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए गए, जबकि 4 लाख रुपये नकद वसूले गए। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए मामला एसपी राजगढ़ कार्यालय से एसडीओपी ब्यावरा को सौंपा गया। बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की जांच के बाद आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में तात्कालिक कार्रवाई करते हुए आरोपित कमल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया,जहां से तीन दिन का रिमांड मिला है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपित ने इसी तरह अन्य लोगों को भी ब्लैकमेल किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक