राजगढ़ः पांच साल से फरार आरोपित गिरफ्तार,शादी समारोह में लाखों के जेवर और नकदी की चोरी
राजगढ़, 15 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के बोड़ा थाना पुलिस ने सोमवार को चोरी के मामले में पांच साल से फरार आरोपित को ग्राम कड़ियासांसी से गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत के अनुसार वर्ष 2021 में जिला निवाड़ी के थाना ओरछा क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान नकदी और आभूषणों से भरा बैग चोरी हो गया था। मामले में फरियादी नितेश तिवारी निवासी देहर की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान एक विधि-विरोधी बालक को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपित विवेक सिसोदिया निवासी ग्राम कड़िया सासी फरार हो गया था। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए थाना ओरछा पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी, लेकिन वह अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था। हाल ही में आरोपित की तलाश में निवाड़ी पुलिस की टीम बोडा थाना पहुंची। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम कड़ियासासी में दबिश देकर 24 वर्षीय विवेक पुत्र जयनारायण सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया ।अग्रिम कार्रवाई के लिए थाना ओरछा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

