अवैध बालू तस्करी पर कार्रवाई, ट्रैक्टर समेत चालक गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 04 अगस्त (हि.स.)। नक्सलबाड़ी इलाके में अवैध बालू तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान सुजीत ग्वाला के रूप में हुई है, जो नक्सलबाड़ी के जाबरा इलाके का निवासी है। आरोपित को मंगलवार तड़के पानीघाटा-नक्सलबाड़ी राज्य सड़क से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नक्सलबाड़ी थाने की टीम ने तड़के अभियान चलकर एक बालू से लदे ट्रैक्टर को रोका। जांच के दौरान चालक के पास वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिसके बाद अवैध रूप से बालू परिवहन के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपित ग्रीन ट्रिब्यूनल के नियमों की अनदेखी करते हुए चेंगा नदी से अवैध रूप से बालू निकालकर नक्सलबाड़ी की ओर ले जा रहा था। पुलिस ने ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

