भोपालपटनम में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने वाला फरार कम्प्यूटर शिक्षक गिरफ्तार
बीजापुर, 26 सितंबर (हि.स.)। जिले के एकलव्य रेसिडेंशियल स्कूल रूद्रारम, भोपालपटनम में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने फरार आरोपित कम्प्यूटर शिक्षक को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान देवेन्द्र कुमार दहिया के रूप में हुई है। पुलिस आरोपित को झालरापाटन, राजस्थान से ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लेकर आई, इसके बाद आज शनिवर काे थाना भोपालपटनम में कार्यवाही उपरांत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
भोपालपटनम पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग छात्रा के परिजनों ने मामले की शिकायत भोपालपटनम थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपित की तलाश के लिए दो अलग-अलग पुलिस टीमों को रवाना किया गया था। इनमें से एक टीम को राजस्थान और दूसरी टीम को हरियाणा भेजा गया। पुलिस की टीमें आरोपित की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही थीं। इस दौरान तकनीकी माध्यमों से मिली सूचनाओं के आधार पर आरोपित के बारे में सुराग मिला।
पुलिस टीम ने सूचना की पुष्टि के बाद राजस्थान में आरोपित की तलाश शुरू की और उसकी घेराबंदी कर पुलिस ने मामले के फरार आरोपित देवेन्द्र कुमार दहिया को राजस्थान के झालरापाटन से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपित को स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर लिया। इसके बाद उसे बीजापुर लाया गया। पुलिस ने प्रकरण से संबंधित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की और आरोपित को भोपालपटनम थाने में दर्ज मामले में न्यायालय के समक्ष पेश किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

