home page

एचपीसीएल अधिकारी पर हुए हमले में सुबह थाना प्रभारी निलंबित, दोपहर में एक आरोपित गिरफ्तार

 | 
एचपीसीएल अधिकारी पर हुए हमले में सुबह थाना प्रभारी निलंबित, दोपहर में एक आरोपित गिरफ्तार


मुरादाबाद, 20 मार्च (हि.स.)। कटघर थाना क्षेत्र में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्पाेरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के सहायक प्रबंधक प्रवीण पटेल पर हमला करने में एक आरोपित थाना क्षेत्र के हृदयपुर गांव निवासी लोकेश कुमार उर्फ अंशु को पुलिस ने शुक्रवार दोपहर में गिरफ्तार कर लिया। शाम को पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे को जेल भेज दिया गया है। इस मामले में 12 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज की गई थी। वहीं इस प्रकरण में आज सुबह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी को निलंबित किया था। नए इंस्पेक्टर ने चार्ज लेते ही मामले पर काम शुरू कर दिया। घटना में संलिप्त दाे आरोपित अभी भी फरार है।

हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्पाेरेशन लिमिटेड के सहायक प्रबंधक हेड प्रवीण पटेल ने 12 फरवरी को कटघर थाना में थाना क्षेत्र स्थित जैतिया शाहदुल्लापुर निवासी अंशु और तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कटघर क्षेत्र के एक गांव में कंपनी गैस पाइप लाइन बिछा रही है। प्रवीण पटेल 12 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे जैतिया शाहदुल्लापुर में साइट पर निरीक्षण को गए थे। इस दौरान अंशु ने अपने दो साथियों के साथ उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट तो दर्ज की, लेकिन आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की। इसी बीच बदायूं में इसी कंपनी से जुड़े दो अधिकारियों की हत्या कर दी गई।

एसएसपी सतपाल अंतिल ने मामले की समीक्षा की थी तो पुलिस की लापरवाही सामने आई। एसएसपी ने शुक्रवार सुबह थाना कटघर प्रभारी विनोद कुमार को निलंबित कर दिया। उनकी जगह जीएसटी चोरी प्रकरण की जांच कर रहे एसआईटी के इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह को कटघर थाने की जिम्मेदारी सौंप दी थी। एसएसपी सतपाल अंतिल का कहना था कि किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल