नौकरी के नाम पर छह लाख रुपये की ठगी करने वाला आरोपित गिरफ्तार
मुरादाबाद, 18 अगस्त (हि.स.)। नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से छह लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने बिजनौर निवासी एक युवक को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेज दिया गया।
थाना नागफनी क्षेत्र के बंगला गांव निवासी महिला भागवती ने 27 सितंबर 2025 को नागफनी थाने में केस दर्ज कराया था। लाइनपार चाऊ की बस्ती निवासी मोहित रस्तोगी, बिजनौर निवासी परवेंद्र कुमार और लाइनपार निवासी महेंद्र को आरोपित बनाया गया था। तीनों ने उनके बेटे की स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था। इसके लिए आरोपितों ने छह लाख रुपये लिए थे। आरोपितों ने फर्जी नियुक्ति पत्र और मेडिकल प्रमाणपत्र भी दे दिया था। जब वह नियुक्ति पत्र लखनऊ सीएफओ ऑफिस में जाकर दिखाया गया तब फर्जीवाड़े का पता चला। पीड़ित ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपित ने छह लाख रुपये वापस नहीं किए और सारी रकम हड़प ली। इस मामले में पीड़ित ने तहरीर दी।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मामले में पहले अमानत में खयानत का केस दर्ज किया गया था। लेकिन जांच के बाद मुकदमे में धोखाधड़ी, जालसाजी आदि की धाराएं बढ़ाई गई। मंगलवार को बिजनौर के स्योहारा जिले के गांव रामपुर दुल्ही (झिल्ला) निवासी आरोपित परवेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले में अन्य नामजद आरोपितों को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

