उज्जैन: हाथ ठेले वालों से हफ्ता वसूली करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार
उज्जैन, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में अवैध वसूली और लोगों के साथ मारपीट करने वाले दो आरोपियों को चिमनगंज मंडी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अलग-अलग घटनाओं में एक नाबालिग से शराब पीने के लिए एक हजार रुपये और पानी-पताशे का ठेला लगाने वाले व्यक्ति से दो हजार रुपये प्रतिमाह हफ्ता मांगा था। रकम देने से इनकार करने पर दोनों के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस के अनुसार, पहली घटना 23 नवंबर की रात की है। बापू नगर निवासी 15 वर्षीय बालक अपनी नानी के घर से लौट रहा था। इसी दौरान बापू नगर चौराहे पर पवन डागर और अनुज दीक्षित ने उसे रोक लिया और शराब पीने के लिए एक हजार रुपये मांगे। बालक के इनकार करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट की। इससे उसके सीने में चोट आई। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए।
दूसरी घटना 14 नवंबर की है। सईद नगर निवासी इमरत सिंह दोहरे पानी-पताशे का ठेला लगाते हैं। वे ठेला लेकर घर पहुंचे थे, तभी पवन डागर अपने दो साथियों के साथ उनके घर के सामने पहुंचा। आरोप है कि उसने खुद को सईद नगर का 'दादा' बताते हुए ठेला लगाने के एवज में दो हजार रुपये प्रतिमाह हफ्ता मांगा। इमरत सिंह के रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौच और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
दोनों मामलों में शिकायत मिलने के बाद चिमनगंज मंडी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर पवन डागर और अनुज दीक्षित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

