राजगढ़ः आबकारी एक्ट के मामले में 13 साल से फरार वारंटी गिरफ्तार
राजगढ़, 12 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बोड़ा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी एक्ट के प्रकरण में पिछले 13 वर्षों से फरार चल रहे वारंटी को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत ने रविवार को बताया कि वर्ष 2012 में ग्राम कड़ियासांसी निवासी अजबसिंह उर्फ जाबर पुत्र लक्ष्मीनारायण सांसी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के कई प्रयास पूर्व में किए गए, लेकिन उसकी शातिर प्रवृत्ति के कारण वह लगातार पुलिस की पकड़ से बचता रहा। जिले में फरार आरोपितों एवं वारंटियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन में अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे एवं एसडीओपी नरसिंहगढ़ मिनी शुक्ला के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने ग्राम कड़ियासांसी में दबिश देकर आरोपी अजबसिंह उर्फ जाबर को गिरफ्तार कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

