home page

पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा, तीन फरार आरोपित गिरफ्तार; सट्टा और अवैध गतिविधियों पर भी कार्रवाई

 | 
पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा, तीन फरार आरोपित गिरफ्तार; सट्टा और अवैध गतिविधियों पर भी कार्रवाई


रायपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने रायपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने तीन दिनों के भीतर अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन फरार आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें चाकूबाजी के मामले में फरार चल रहा एक आरोपित भी शामिल है। पुलिस ने इस दौरान सट्टा, अवैध हथियार, सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक गतिविधियों और कोटपा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की।

डीसीपी सेंट्रल जोन तरकेश्वर पटेल के निर्देश और एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में 31 अगस्त से 2 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने आपराधिक मामलों में फरार आरोपितों की तलाश के साथ ही संदिग्धों और आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई।

चाकूबाजी के मामले में फरार था इमरोज

पुलिस ने अपराध क्रमांक 298/2026 में धारा 109, 35 बीएनएस के तहत दर्ज मामले में फरार चल रहे शेख इमरोज (22) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपित बैजनाथपारा क्षेत्र का निवासी है और चाकूबाजी के मामले में फरार था।

दूसरे मामले में अपराध क्रमांक 312/2026 में धारा 296, 115, 351, 239, 135 बीएनएस के तहत फरार चल रहे सुबे सागर (24) और संदीप सोनी (22) को गिरफ्तार किया गया। दोनों नेहरू नगर-कालीबाड़ी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

तीन दिन में कई मामलों में कार्रवाई

कोतवाली पुलिस ने अभियान के दौरान प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के 10 प्रकरण दर्ज कर 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। धारा 170(बी) बीएनएसएस के तहत भी 10 प्रकरणों में 10 लोगों पर कार्रवाई हुई। इसके अलावा आर्म्स एक्ट के एक मामले में एक आरोपित, जुआ प्रतिषेध अधिनियम के एक मामले में दो आरोपित और कोटपा एक्ट के 10 मामलों में 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

नाबालिगों के वाहन चलाने के मामलों को भी पुलिस ने गंभीरता से लिया। ऐसे मामलों में दो वाहन जब्त किए गए।

नंबरी सट्टे पर दो गिरफ्तार

पुलिस ने नंबरी सट्टे के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 354/2026 में नानक तनेजा (44) और घनश्याम शर्मा (49) को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस का कहना है कि, फरार आरोपितों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। चाकूबाजी, अवैध हथियार, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर