home page

रायगढ़ : ऑपरेशन तलाश के तहत पॉक्सो एक्ट का फरार आरोपित गिरफ्तार

 | 
रायगढ़ : ऑपरेशन तलाश के तहत पॉक्सो एक्ट का फरार आरोपित गिरफ्तार


आरोप‍ित पर नाबालिग से छेड़खानी और मारपीट के तीन अन्य अपराध दर्ज

रायगढ़, 06 मार्च (हि.स.)। जिले में “ऑपरेशन तलाश” के तहत गंभीर मामलों में फरार आरोपितों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के मामले में फरार चल रहे आरोप‍ित शंकर बरेठ को आज शुक्रवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल द्वारा थाने में दर्ज अपराधों में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान आज शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस टीम ने बैकुंठपुर क्षेत्र में दबिश देकर शंकर बरेठ को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

मामले में एक स्थानीय बालिका द्वारा 14 नवंबर 2025 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि वह अपनी सहेलियों के साथ प्रतिदिन मॉर्निंग वॉक पर जाती थी। दिनांक 10 नवंबर को वह अपनी सहेली के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थी, तभी भूतबधन तालाब के पास आरोप‍ित ने उसके साथ छेड़खानी की। भय के कारण बालिका ने यह बात घर में किसी को नहीं बताई। बाद में 13 नवंबर को स्कूल से घर लौटते समय आरोप‍ित ने फिर से उसके साथ छेड़खानी की, जिसके बाद बालिका ने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई और थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में आरोप‍ित के विरुद्ध अपराध क्रमांक 589/2025 धारा 74, 75(2), 75(3) भारतीय न्याय संहिता और 8, 12 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसकी तलाश शुरू की गई थी। गिरफ्तारी के डर से आरोप‍ित फरार हो गया था। मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम ने आरोप‍ित को गिरफ्तार कर उक्त अपराध में जारी गिरफ्तारी वारंट के परिपालन में न्यायालय में पेश किया।

गिरफ्तार आरोप‍ित शंकर बरेठ पिता दिनेश बरेठ उम्र 23 वर्ष निवासी बैकुंठपुर राम मंदिर के पास रायगढ़ थाना सिटी कोतवाली जिला रायगढ़ आदतन बदमाश प्रवृत्ति का है। उसके विरुद्ध थाना कोतवाली में वर्ष 2024 में मारपीट का 1 तथा वर्ष 2025 में मारपीट के 2 अन्य अपराध दर्ज हैं। इन मामलों में भी वारंट जारी होने पर कोतवाली पुलिस द्वारा आरोप‍ित को न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की कार्रवाई की गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा क‍ि, “ऑपरेशन तलाश के तहत फरार आरोपितों और वारंटियों की धरपकड़ लगातार जारी रहेगी। किसी भी अपराधी को खुले में घूमने नहीं दिया जाएगा और ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान