home page

दस हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद

 | 
दस हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद


बांदा, 21 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में थाना मटौंध पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले संगठित गिरोह के एक सक्रिय सदस्य और गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित 10 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त एक संगठित वाहन चोर गिरोह का सक्रिय सदस्य है, जो अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। इस संबंध में थाना कोतवाली नगर में गैंगस्टर एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। अभियुक्त काफी समय से फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक बांदा द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

थाना मटौंध पुलिस ने 21 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना के आधार पर कस्बा मटौंध से अभियुक्त को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रवि पुत्र मुन्ना लाल, निवासी सेढ़ू तलैया मोहल्ला, थाना कोतवाली नगर, जनपद बांदा के रूप में हुई है।

प्रभारी निरीक्षक थाना मटौंध दीपेन्द्र सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ पहले से आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह