home page

ऑपरेशन त्रिनेत्र में चित्तौड़ पुलिस को बड़ी सफलता, वांछित अपराधियों के साथ मादक पदार्थ पकड़ा

 | 
ऑपरेशन त्रिनेत्र में चित्तौड़ पुलिस को बड़ी सफलता, वांछित अपराधियों के साथ मादक पदार्थ पकड़ा


चित्तौड़गढ़, 22 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाये जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र में पुलिस ने रविवार को एरिया डोमिनेशन के लिए विशेष अभियान चलाया गया। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान के दौरान पुलिस की 85 टीमों ने आईजीपी उदयपुर के निर्देश पर गहन जांच करते हुए दबिश दी। इसमें मादक पदार्थ तस्करी के 22 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं मादक पदार्थों की तस्करी के 9 प्रकरण दर्ज कर 2.344 किग्रा अफीम, करीब 83 किलो डोडा चूरा, 2.9 ग्राम स्मैक व 2.75 ग्राम एमडी जब्त की है। अभियान में दो ईनामी अपराधी व 9 एचएस को भी गिरफ्तार किया गया है। दबिश के दौरान 52 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज श्री गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर एरिया डोमिनेंस के लिए ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत एक विशेष अभियान एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के सुपरविजन में रविवार को संपूर्ण जिले में चलाया। इसमें वृत्तवार एवं थानावार अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। अभियान के तहत पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों को चिन्हित कर त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 अपराधियों को गिरफ्तार किया। मादक पदार्थों की तस्करी के 9 प्रकरण दर्ज कर 2.344 किलोग्राम अफीम, करीब 83 किलो डोडा चूरा, 2.9 ग्राम स्मैक व 2.75 ग्राम एमडी जब्त की है। पुलिस ने 09 प्रकरणों में बरामद मादक पदार्थों डोडा चूरा, स्मैक व गांजा को विधिवत जब्त कर एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस इन आरोपियों से मादक पदार्थों के स्रोत, नेटवर्क एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उक्त कार्यवाही के दौरान 10 प्रकरण आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से अवैध शराब जब्त की है। वहीं 07 प्रकरण आर्म्स एक्ट के दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 3 प्रकरण जुआं अध्यादेश में दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दबिश के दौरान पुलिस ने पुराने वांछित अपराधियों में 3 आबकारी अधिनियम के वांछित, 5 आर्म्स एक्ट के वांछित, 7 संपत्ति संबंधी अपराधों के वांछित, 27 अन्य अपराधों में वांछित सहित कुल 52 अपराधियों को हिरासत में लिया है। हिस्ट्रीशीटर को थानो पर बुला कर चेकिंग नोट डाला गया है व उनसे पूछताछ की गई है। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी समाज एवं युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में अपराधियों की धरपकड़ एवं अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल