सूरजना की एमडी फैक्ट्री से बनी ड्रग्स मंदसौर होते हुए गुजरात सप्लाई, खरीदार जाफर हुसैन गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़, 14 मई (हि.स.)। जिले के सूरजना में पकड़ी गई अवैध एमडी फैक्ट्री से तैयार ड्रग्स मंदसौर के रास्ते गुजरात सप्लाई होने का खुलासा हुआ है। नारकोटिक्स की जांच में कई बड़े खुलासे हुवे हैं। मामले में एक खरीदार जाफर हुसैन को गिरफ्तार किया है। इससे पूछताछ में नारकोटिक्स को कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद हैं। साथ ही लंबे समय से सूरजना में एमडी फैक्ट्री चलने की बात कही जा रही है। इस मामले में मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र के अलावा बाड़मेर के तस्करों के भी लिप्त होने की आशंका है।
नारकोटिक्स चित्तौड़गढ़ के निरीक्षक बीएल मीणा ने बताया कि नारकोटिक्स की टीम ने गत 12 जनवरी को सूरजना गांव में दबिश दी थी। यहां गांव से दूर एकांत में एमडी फैक्ट्री चल रही थी। नारकोटिक्स ने मामले में फैक्ट्री से ड्रग्स तैयार कर रहे सोनू खान को गिरफ्तार किया था। बाद में मकान मालिक को भी गिरफ्तार किया था। नारकोटिक्स की जांच में ड्रग्स फैक्ट्री ताराचंद और इसके परिचित की और से चलाने की बात सामने आई। बाद में नारकोटिक्स ने ताराचंद को भी पकड़ लिया। इसने तैयार एमडी ड्रग्स मंदसौर के जाफर हुसैन को बेचने की बात कही। जांच में सामने आया है कि ताराचंद की ओर से तैयार की गई सारी एमडी ड्रग्स जाफर हुसैन को बेची गई थी। प्रारंभिक पूछताछ में कई किलो एमडी यहां से तैयार कर जाफर हुसैन को सप्लाई होने की बात सामने आई। इस पर नारकोटिक्स की टीम ने सदर बाजार छोटीसादड़ी, जिला प्रतापगढ़, हाल मध्यप्रदेश के मंदसौर निवासी जाफर पुत्र आबिद हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार जाफर हुसैन से नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन को लेकर पूछताछ कर रही है।
सूत्रों के हवाले से खबर है कि यह सारी एमडी मंदसौर से गुजरात भेजी जाती थी। वहां बिक्री के बाद शेष बची एमडी मुंबई सप्लाई की जाती थी। नारकोटिक्स सूत्रों के अनुसार इस नेटवर्क के तार बाड़मेर, मंदसौर, गुजरात और अन्य कई स्थानों से जुड़े हो सकते हैं। मामले में सत्यनारायण भी नामजद है, जिसकी तलाश जारी है।
गौरतलब है कि नारकोटिक्स ने गत 12 जनवरी को मुखबिर की सूचना पर सूरजना स्थित एकांत में बनी एमडी फैक्ट्री पर दबिश दी थी।तलाशी के दौरान नारकोटिक्स ने कुल 5.894 किलोग्राम मनोदैहिक पदार्थ बरामद किए। इसमें 107 ग्राम मेफेड्रोन पाउडर, 3.961 किलोग्राम मेफेड्रोन कच्चा माल और 1.826 किलोग्राम एल्प्राजोलाम पाउडर शामिल है। इसके अलावा, मेफेड्रोन के निर्माण में प्रयुक्त लगभग 200 किलो रसायन, अत्याधुनिक प्रयोगशाला उपकरण तथा मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक भी जब्त की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

