home page

मनाली में हेरोइन तस्करी के आरोप में एक गिरफ्तार

 | 
मनाली में हेरोइन तस्करी के आरोप में एक गिरफ्तार


कुल्लू, 05 जुलाई (हि.स.)। कुल्लू जिला की मनाली पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मनाली के समीप बाहंग (पधर) क्षेत्र में एक किराये के शेड से हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है।

नशा तस्करी का मामला रविवार को सामने आया जब पुलिस थाना मनाली की एक टीम उप निरीक्षक नन्द लाल के नेतृत्व में इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि बाहंग क्षेत्र में एक युवक किराये के शेड में रहकर हेरोइन (चिट्टा) की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने का अवैध धंधा कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी।

शेड की तलाशी के दौरान पुलिस को कमरे में रखी प्लाईवुड की अलमारी के लॉकर से एक पारदर्शी पॉलीथीन का लिफाफा बरामद हुआ। जब पुलिस ने उसे खोलकर जांच की, तो उसमें 6.200 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) पाई गई। पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दीपक (21) पुत्र बीर बहादुर निवासी गाँव वार्ड नं. 2, रेस्ट हाउस के निकट, मनाली, तहसील मनाली, जिला कुल्लू, हिमाचल प्रदेश आरोपी को हिरासत में ले लिया।

मामले की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ मनाली के.डी. शर्मा ने बताया कि इस संदर्भ में पुलिस थाना मनाली में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि वह यह नशा कहाँ से लाया था और यहाँ किसे सप्लाई करने वाला था।

एसडीपीओ के.डी. शर्मा ने स्पष्ट किया कि मनाली पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस की नीति को लगातार जारी रखे हुए है। इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह