home page

जीआरपी ने ट्रेन पर पत्थर फेंकने वाले आरोपित को गिरफ्तार किया

 | 
जीआरपी ने ट्रेन पर पत्थर फेंकने वाले आरोपित को गिरफ्तार किया


देवरिया, 15 मार्च (हि.स.)। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी थाना देवरिया पुलिस ने ट्रेन पर पत्थर फेंककर यात्री को घायल करने वाले एक आरोपित को रविवार गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपाधीक्षक रेलवे सवि रत्न गौतम ने बताया कि जीआरपी थाना देवरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन सरदार नगर के पूर्वी छोर स्थित साइन बोर्ड के पास से ट्रेन पर पत्थर फेंकने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान यशवंत कुमार (38) पुत्र रामजी निवासी ग्राम पैकौली गोदाम टोली थाना सुरौली के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपित ने बताया कि कुछ दिन पहले उसने चलती ट्रेन से एक यात्री का मोबाइल छीनने की कोशिश की थी। मोबाइल छीनने की नीयत से उसने ट्रेन पर पत्थर फेंका, जिससे एक यात्री को गंभीर चोट लग गई थी। घटना के बाद वह झाड़ियों और पेड़ों की आड़ लेकर मौके से फरार हो गया था।

पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी से ट्रेनों पर पत्थरबाजी और यात्रियों से लूटपाट जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक पाण्डेय, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार मौर्य और कांस्टेबल आनंद प्रकाश यादव रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक