home page

सागर : शासकीय स्कूल में घुसकर शिक्षकों और विद्यार्थियों से मारपीट, दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
सागर : शासकीय स्कूल में घुसकर शिक्षकों और विद्यार्थियों से मारपीट, दो आरोपित गिरफ्तार


सागर, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर जिले के बण्डा थाना क्षेत्र में एक शासकीय विद्यालय में घुसकर शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ मारपीट एवं अभद्रता करने के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। घटना के बाद विद्यालय परिसर में कुछ समय के लिए भय और तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार, घटना ग्राम क्वायला स्थित शासकीय विद्यालय की है। विद्यालय में पदस्थ शिक्षिका लक्ष्मी सोनी (61), निवासी नया मोहल्ला वार्ड क्रमांक-9, बण्डा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि पढ़ाई के दौरान गांव के रहने वाले नीलेश उर्फ डिल्लू यादव (27) और सोनू दांगी (30) जबरन स्कूल परिसर में घुस आए और विवाद करने लगे।

शिकायत में बताया गया कि शिक्षकों द्वारा उन्हें शांत रहने और विद्यालय से बाहर जाने के लिए कहने पर दोनों युवक आक्रामक हो गए। आरोप है कि उन्होंने शिक्षकों के साथ गाली-गलौज की, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई तथा कक्षा में मौजूद बच्चों और शिक्षकों के साथ मारपीट की। इस घटना से विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई और विद्यार्थी सहम गए।

शिकायत के आधार पर बण्डा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 471/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला कायम किया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में उप जेल बण्डा भेजने के आदेश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे