home page

राजगढ़ः महिला के घर चाकू की नोंक पर लूट का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार, मशरुका बरामद

 | 
राजगढ़ः महिला के घर चाकू की नोंक पर लूट का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार, मशरुका बरामद


राजगढ़, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला के घर में घुसकर चाकू की नोंक पर नकदी और जेवरात लूटने के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 2 लाख 79 हजार 600 रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवरात, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और दो बाइकें बरामद की हैं।

थाना प्रभारी कमलसिंह गहलोत ने बुधवार को बताया कि 31 जुलाई की रात वार्ड क्रमांक-8 निवासी ममता जादौन के घर में तीन बदमाश पीछे की खिड़की के रास्ते दाखिल हुए थे। बदमाशों ने महिला को चाकू दिखाकर डराया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद अलमारी में रखी नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ लूट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे और एसडीओपी धर्मवीर नागर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। टीम ने लखन मोंगिया (25) को उसकी ससुराल गादिया, थाना अकलेरा से हिरासत में लिया। पूछताछ में लखन ने साथी अंसार खान (43) और जाकिर खान (40) के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। लखन की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम हिनोतिया, थाना कामखेड़ा, जिला झालावाड़ से अंसार खान तथा आगर जिले के ग्राम सामगीमाना से जाकिर खान को गिरफ्तार किया। आरोपितों के कब्जे से सोने की चेन, कान के टॉप्स, चांदी का कड़ा सहित अन्य जेवरात, नकदी, चाकू और दो बाइकें जब्त की गई हैं। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक