चाकुओं से हमला कर पांच लोगों को घायल करने वाले आरोपी पर प्रशासन सख्त, खड़ी फसल पर चला बुलडोजर
श्योपुर, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अन्तर्गत विगत 24 मार्च 2026 को घर में सो रहे परिवार पर चाकूओं से हमला करने वाले दोषियों पर सख्त कार्यवाही की मांग को लेकर सोमवार को सकल हिन्दू समाज द्वारा कड़ा विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान शहर का मुख्य बाजार बंद कराते हुए कोतवाली के सामने जमकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों पर रासूका की कार्यवाही करने के साथ ही पीड़ित परिवार को उपचार के लिये आर्थिक मदद मुहैया कराने की मांग की गई। इस अवसर पर सकल हिन्दू समाज द्वारा एक ज्ञापन प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम श्योपुर गगन सिंह मीणा को सौंपा गया। इस विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेकर आरोपी के गांव में खड़ी फसल पर बुलडोजर की कार्यवाही की है।
यह था पूरा मामला
कोतवाली थाना क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 11 कलारना बस्ती निवासी बाबूलाल बैरवा उम्र 56 साल ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि 24 मार्च 2026 को रात्रि 11 बजे परिवार के सभी लोग खाना खाकर सो रहे थे। फरियादी की पत्नी व लड़का घर के बाहर वाले कमरे में सो रहे थे, वहीं दोनों बेटियां ममता और अर्चना घर के भीतर वाले कमरे मे सो रही थी, तभी रात्रि 12ः30 बजे चोरी की नीयत से घर की दीवाल फांद कर समीर मुसलमान निवासी पीपल्दी थाना देहात व उनके दो अन्य साथी भीतर वाले कमरे में पहुंचे, तभी कमरे से दोनों बेटियों के चिल्लाने की आवाज आने लगी। घर का दरवाजा भीतर से बंद था। जैसे-तेसे बड़ी लड़की ने गेट खोला तो आरोपी ने ममता को जान से मारने की नियत से चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में ममता, अर्चना, लोकेन्द्र, कांतिबाई और बाबूलाल बैरवा जख्मी हो गये थे। हालांकि परिवार के सभी लोगों ने जख्मी होने के बाद भी आरोपी को घर में पकड़े रखा और पुलिस को सूचित कर उनके हवाले कर दिया था।
घटना का लगातार विरोध बन गया उग्र प्रदर्शन
मुस्लिम युवकों द्वारा दलित परिवार पर किये गये इस हमले का लगातार विरोध किया जा रहा था। सोशल मीडिया पर भी यह मामला जमकर वायरल हुआ। इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की लचर व्यवस्था को देखते हुए आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही को लेकर सोमवार को सकल हिन्दू समाज ने उग्र प्रदर्शन करने हुए कोतवाली का घेराव कर अपराधियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग की।
चार सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
सोमवार को घटना के विरोध में किये गये प्रदर्शन के बाद सकल हिन्दू समाज की ओर से चार सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपे गये ज्ञापन में उक्त घटनाक्रम में शामिल अपराधियों पर रासूका लगाई जाने, अपराधियों से शासकीय भूमि को कब्जा मुक्त कराने, पीड़ित बाबूलाल बैरवा के परिवार को उपचार के लिये आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और घटना के अज्ञात आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाही की मांग की गई।
आरोपी के गेहूं की खड़ी फसल पर चला बुलडोजर
कोतवाली क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 में चाकूओं से हमला कर पांच लोगों को घायल करने वाले आरोपी समीर मुसलमान के परिजनों की खड़ी फसल को नष्ट करने की कार्यवाही की गई है। तहसीलदार मनीषा मिश्रा ने बताया कि ग्राम पीपल्दी निवासी गफ्फार पुत्र अशरफ खा द्वारा दौलतपुरा में शासकीय भूमि सर्वे नंबर 177/102 के रकबा 0.418 हेक्टयर पर अवैध अतिक्रमण कर गेहूं की फसल बोई गई थी। उक्त भूमि पर जेसीबी चलाकर फसल नष्ट करते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान तहसीलदार सहित नायब तहसीलदार टीएस लकडा, दर्शनलाल बौद्ध सहित राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत वैष्णव

