झाबुआ: हथियारबंद बदमाश ढाई लाख रुपये नकद सहित कीमती जेवरात चुराकर हुए फरार
झाबुआ, 04 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिला अंतर्गत आने वाले अनुविभागीय मुख्यालय थांदला में सोमवार की रात एक सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात में हथियारों से लेस अज्ञात बदमाश ढाई लाख रुपये नकद सहित सोने और चांदी के जेवरात चोरी कर भाग खड़े हुए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने के बावजूद बदमाश अभी पकड़े नहीं जा सके हैं।
थांदला सहित जिले के अन्य स्थानों में पिछले दिनों घटित हुई चोरी, हत्या एवं गौवध के एक के बाद एक अपराधिक घटनाक्रम से जिले में दहशत का वातावरण बना हुआ है। जिले के नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, निगरानी शुदा बदमाशों पर कड़ी नजर रखने, अपराधिक रेकार्ड वाले बदमाशों की निगरानी सहित फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और सनसनीखेज चोरी की घटना सहित अन्य घटनाओं का खुलासा कर संबंधित आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की मांग की गई है।
जानकारी, अनुसार जिले के थान्दला नगर के वार्ड क्रमांक 3 स्थित गवली मोहल्ले में सोमवार एवं मंगलवार की दरमियानी रात में हथियारों से लैस बदमाशों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत का वातावरण निर्मित कर दिया है। बीती मध्य रात छह बदमाशों ने किराए के मकान में रह रहे इरशाद कुरैशी नामक एक व्यक्ति के सूने घर का ताला तोड़कर ₹2 लाख 60 हजार नकद, सोने की चेन और महिलाओं द्वारा पहना जाने वाला हार सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई बताई जा रही है, बावजूद उसके बदमाश अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार चोरी की घटना का शिकार हुए इरशाद कुरैशी अपने परिजन की बीमारी के चलते घटना की रात अपने घर पर नहीं थे, और बदमाशों ने इसी बात का लाभ उठा कर मकान का ताला तोड़ा और घर में रखी अलमारी एवं सामान को खंगालते हुए बड़े आराम से घटना को अंजाम दिया।
थाना प्रभारी थांदला अशोक कनेश ने घटना की जानकारी चाहे जाने पर मंगलवार को कहा कि नगर में तीन जगहों पर बदमाशों द्वारा ताले तोड़े गए थे, और एक जगह वारदात को अंजाम देने में सफल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थांदला पुलिस मौके पर पहुंची, और कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज में छह संदिग्ध बदमाश हथियारों के साथ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है, और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जिले के नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, निगरानी शुदा बदमाशों पर कड़ी नजर रखने, अपराधिक रेकार्ड वाले बदमाशों की निगरानी सहित फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और आज घटित हुई सनसनीखेज चोरी की घटना सहित अन्य घटनाओं का खुलासा कर संबंधित आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की मांग की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

